रोजगार सह आवास दिवस का आयोजन-दिनांक: 07 अप्रैल 2026

रोजगार दिवस में जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने पर विशेष चर्चा
जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं की भागीदारी से जल संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर
बेमेतरा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आज रोजगार सह आवास दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत कार्यरत श्रमिकों एवं ग्रामीणजनों को विभिन्न योजनाओं एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान नवा तरिया आय के जरिया पहल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि नवा तरिया निर्माण से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि विभिन्न योजनाओं के अभिसरण के माध्यम से महिलाओं की आय में वृद्धि भी सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर ग्राम पंचायतों में स्थापित क्यूआर कोड के माध्यम से शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने हेतु हितग्राहियों को प्रेरित किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 90 दिवस की मजदूरी, किश्तों के प्रावधान एवं निर्माण प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।
जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीणों को जनभागीदारी के माध्यम से प्रत्येक घर में सोखता गड्ढा निर्माण हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में “VB-GRAM-G” अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया तथा ग्रामीणों को अभियान से जुड़ने हेतु प्रोत्साहित किया गया।






