Uncategorized

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक संपन्न, जल जीवन मिशन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

बेमेतरा, जिले में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री प्रेमलता पद्माकर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत संचालित जल जीवन मिशन के कार्यों की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न ग्रामों में स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

श बैठक में 26 फरवरी 2026 के पश्चात प्राप्त आवंटन तथा निर्माण कार्यों के लिए किए गए भुगतान के अनुमोदन पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी स्वीकृत कार्यों का क्रियान्वयन पारदर्शिता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु 364 स्रोत स्थिरता निर्माण कार्यों को मनरेगा के अभिसरण से कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे जल स्रोतों का संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित हो सके।

 

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत सभी निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्मित जल टंकियों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक विद्युत संयोजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा डिमांड नोट का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पूर्ण हो चुके ग्रामों के हस्तांतरण, संचालन एवं संधारण (O&M) व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। समूह जल प्रदाय योजनाओं में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि वे मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान यह भी कहा गया कि जल जीवन मिशन केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधारने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक ग्राम तक स्वच्छ, सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल एवं समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। बैठक में कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, विद्युत विभाग, जनसंपर्क विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं जिला समन्वयक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button