Uncategorized

घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर खाद्य विभाग की कार्रवाई

बेमेतरा में होटल व प्रतिष्ठानों की जांच, 10 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए उपयोग मे

बेमेतरा – जिला बेमेतरा में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के उद्देश्य से खाद्य विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। आज खाद्य विभाग की टीम ने शहर में संचालित विभिन्न होटल, ढाबा और खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान कुल 10 घरेलू गैस सिलेंडर विभिन्न प्रतिष्ठानों में व्यावसायिक कार्यों में उपयोग करते हुए पाए गए

इनमें गुजराती स्वीट्स से 2 सिलेंडर, चाचा भतीजा से 1 सिलेंडर, जय मां शीतला ढाबा से 1 सिलेंडर, मनोहर चाय से 2 सिलेंडर, आरसी किचन से 2 सिलेंडर, यादव पुड़ी सब्जी से 1 सिलेंडर तथा अनिल स्वीट्स से 1 सिलेंडर बरामद किए गए।*

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जाना निर्धारित है, जबकि होटल, ढाबा या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इसका उपयोग करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने सभी होटल संचालकों एवं व्यवसायियों से अपील की है कि वे घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में न करें और नियमानुसार केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में इस प्रकार की जांच आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर रोक लगाई जा सके और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button