एसबीआई आरसेटी में मोबाइल रिपेयरिंग एवं इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में निःशुल्क 30 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण, 28 फरवरी तक करें पंजीयन

बेमेतरा स्वरोजगार को बढ़ावा देने एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एसबीआई रूरल सेल्फ एम्प्लॉयमेंट ट्रेनिंग Institute (एसबीआई आरसेटी), बेमेतरा द्वारा मोबाइल रिपेयरिंग एवं इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में 30-30 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क एवं आवासीय होगा, जिसमें प्रशिक्षणार्थियों को भोजन एवं रहने की उत्तम सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
संस्थान द्वारा प्रदान किया जाने वाला प्रमाण पत्र भारत सरकार के मान्यता प्राप्त स्वरूप में होगा, जिसकी वैधता पूरे देश में रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्वरोजगार स्थापना, लघु उद्यम संचालन तथा विभिन्न बैंकिंग योजनाओं के अंतर्गत व्यवसाय ऋण (बिजनेस लोन) प्राप्त करने हेतु मार्गदर्शन भी दिया जाएगा, जिससे प्रशिक्षित युवा स्वयं का रोजगार प्रारंभ कर सकें।
प्रशिक्षण में प्रवेश हेतु पंजीयन की अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। यह अवसर केवल बेमेतरा जिले के निवासियों के लिए उपलब्ध है तथा आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होना आवश्यक है। इच्छुक युवक-युवतियाँ समय रहते पंजीयन कर इस अवसर का लाभ उठाएं। प्रशिक्षण स्थल इसबीआई आरसेटी बेमेतरा ग्राम चोरभट्टी, सिमगा रोड, जिला बेमेतरा (छत्तीसगढ़) में स्थित है। अधिक जानकारी एवं पंजीयन हेतु प्रतीक साहेब गुप्ता (मो. 9340281974) एवं संतोष कुमार (मो. 6266959884) से संपर्क किया जा सकता है। संस्थान ने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे इस निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर स्वरोजगार की दिशा में एक सशक्त कदम बढ़ाएं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।








