छात्रावास अव्यवस्था से बच्चियां हो रही बीमार

कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास में अव्यवस्थाओं का आरोप, छात्राओं ने कलेक्टर से की शिकायत
कवर्धा – स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के अंतर्गत संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास में अव्यवस्थाओं को लेकर छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं ने सामूहिक रूप से कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपते हुए अधीक्षिका के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है। छात्राओं का आरोप है कि उन्हें पिछले कुछ समय से गुणवत्ताहीन और अपर्याप्त भोजन परोसा जा रहा है। बजट की कमी का हवाला देकर भोजन की गुणवत्ता में कटौती की जा रही है। बाजार से सड़ी-गली सब्जियां मंगाई जा रही हैं, जिससे कई छात्राएं बीमार पड़ चुकी हैं। कुछ छात्राओं ने बताया कि भोजन इतना खराब होता है कि उन्हें कई बार अधपेट ही रहना पड़ता है।
एक अभिभावक ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब होने पर उन्हें निजी तौर पर इलाज कराना पड़ा। उनका कहना है कि छात्रावास प्रबंधन ने उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं की।
छात्राओं ने यह भी शिकायत की है कि छात्रावास में मिलने वाली निशुल्क आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। साथ ही सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है। आरोप है कि शिकायत करने पर अधीक्षिका द्वारा नाराजगी जताई जाती है और दबाव बनाया जाता है।
मामले को और गंभीर बनाते हुए छात्राओं ने एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर मारपीट का आरोप भी लगाया है, जिससे छात्रावास में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
वहीं छात्रावास अधीक्षिका जगरानी खाका ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वे हाल ही में यहां पदस्थ हुई हैं। उनके अनुसार, छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आने-जाने पर नियंत्रण लगाया गया है, जिससे नाराज होकर कुछ लोगों द्वारा साजिशन शिकायत कराई गई है।
इस पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच के आदेश दिए गए हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधितों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
छात्राओं और अभिभावकों की मांग है कि प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप कर छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करे, ताकि बेटियों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और शिक्षा प्रभावित न हो।








