Uncategorized

जिले में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

बेमेतरा,- जिला पंचायत बेमेतरा के सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई की अध्यक्षता में विभिन्न निर्माण कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने विभागवार समीक्षा करते हुए कार्यों में गति लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुशासन त्योहार के शिविरों की तैयारियों पर जोर

कलेक्टर ने आगामी सुशासन त्योहार के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयपूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से आमजन को योजनाओं का त्वरित लाभ मिलना चाहिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाने के निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को शीघ्र पक्का आवास उपलब्ध कराने तथा अपात्र हितग्राहियों के नाम सूची से हटाने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

मानसून पूर्व निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्यों को मानसून से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने तकनीकी सहायकों को ग्राम स्तर पर लगातार निगरानी रखने और निर्माणाधीन कार्यों का नियमित निरीक्षण करने को कहा।

मनरेगा के तहत रोजगार बढ़ाने पर फोकस

मनरेगा योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सभी ग्राम पंचायतों में पर्याप्त कार्य स्वीकृत कर शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

रेन वाटर हार्वेस्टिंग और अपूर्ण कार्यों पर विशेष ध्यान

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले के सभी शासकीय भवनों में जहां रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचना नहीं है, वहां तत्काल स्वीकृति देकर निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही पूर्व वर्ष के अपूर्ण कार्यों को ‘नेग पोर्टल’ में अद्यतन कर शीघ्र पूर्ण करने को कहा।

बिहान योजना से महिला समूहों को सशक्त बनाने के निर्देश

बिहान योजना के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए नियमित बैठक आयोजित करने, उनकी समस्याओं का निराकरण करने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की समीक्षा

स्वच्छ भारत मिशन के तहत सामुदायिक शौचालय, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा संग्रहण केंद्र, ग्रे वॉटर एवं फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पूर्ण कार्यों का शीघ्र संचालन शुरू करने और अपूर्ण कार्यों को एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पद्माकर, उपसंचालक पंचायत सुश्री भूमिका देसाई सहित विभिन्न जनपद पंचायतों के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अगली समीक्षा बैठक में उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करें, अन्यथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त शासकीय कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button