CGPSC की परीक्षा में एक मिनट की देरी पड़ी भारी, गेट बंद होने पर फूट-फूट कर रोई परीक्षार्थी

तेक सिंह सेन की खास रिपोर्ट छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित परीक्षा में एक परीक्षार्थी को मात्र एक मिनट की देरी भारी पड़ गई। निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र का गेट बंद कर दिया गया, जिससे छात्रा को प्रवेश नहीं मिल सका। जानकारी के अनुसार, परीक्षा प्रारंभ होने से पहले ही केंद्र के मुख्य द्वार को नियमानुसार बंद कर दिया गया था। इसी दौरान एक परीक्षार्थी कमला देवी राठी स्नातकोत्तर महाविद्यालय केंद्र पर पहुंची, लेकिन समय सीमा समाप्त हो जाने के कारण सुरक्षा कर्मियों ने अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रही छात्रा ने गेट पर ही फूट-फूट कर रोते हुए अधिकारियों से निवेदन किया, परंतु नियमों का हवाला देते हुए उसे प्रवेश नहीं दिया गया। मौके पर मौजूद अन्य अभ्यर्थियों और परिजनों ने भी मानवीय आधार पर प्रवेश देने की मांग की, लेकिन परीक्षा की पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने सख्ती बरती। गौरतलब है कि आयोग द्वारा पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व उपस्थित होना अनिवार्य है और विलंब से आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस घटना के बाद परीक्षा केंद्र के बाहर कुछ देर तक भावुक माहौल बना रहा। वहीं, प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भविष्य में किसी भी परीक्षा के लिए समय से पहले केंद्र पर पहुंचे, ताकि इस प्रकार की स्थिति से बचा जा सके।








