विशेष गहन पुनरीक्षण 2026: तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई कार्य समय-सीमा में पूर्ण

2,46,763 मतदाताओं को जारी नोटिस पर सुनवाई व सत्यापन प्रक्रिया पूरी
बेमेतरा – निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत जिले के 03 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र – 68 साजा, 69 बेमेतरा एवं 70 नवागढ़ (अ.जा.) में नो मैपिंग एवं लॉजिकल एरर श्रेणी में चिन्हित कुल 2,46,763 मतदाताओं की सुनवाई का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर लिया गया है। प्रारंभिक प्रकाशन के पश्चात प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तैयारी की जा रही है।
प्रारंभिक प्रकाशन के आंकड़े व तार्किक विसंगतियों पर कार्रवाई
सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप सार्वजनिक प्रकाशन एवं सुनवाई, 23 दिसम्बर 2025 को प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 7,16,635 मतदाता दर्ज थे। इनमें— विधानसभा 68 साजा – 2,34,247 मतदाता, विधानसभा 69 बेमेतरा – 2,28,021 मतदाता, विधानसभा 70 नवागढ़ (अ.जा.) 2,54,367 मतदाता, प्रारंभिक सूची में 12,339 मतदाता नो मैपिंग श्रेणी में पाए गए, जिन्हें नोटिस जारी कर सुनवाई की गई। इसके अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सॉफ्टवेयर आधारित 07 बिंदुओं पर तार्किक त्रुटियों (लॉजिक एरर) वाले मतदाताओं की पहचान की गई। इन सभी को विधिवत नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु अवसर प्रदान किया गया।
सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के आदेश के अनुपालन में तार्किक विसंगतियों से संबंधित मतदाताओं की सूची को स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायत कार्यालयों तथा ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालयों में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया। संबंधित व्यक्तियों को 10 दिवस के भीतर व्यक्तिगत अथवा अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से दस्तावेज अथवा आपत्तियां प्रस्तुत करने की अनुमति दी गई। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए के साथ भी यह सूची साझा की गई तथा सुनवाई प्रक्रिया में उनका सहयोग प्राप्त किया गया।
दावा-आपत्तियों का निराकरण पूर्ण, 21 फरवरी को अंतिम प्रकाशन
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दावा-आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तिथि 14 फरवरी 2026 निर्धारित की गई थी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में यह कार्य दो दिन पूर्व ही पूर्ण कर लिया गया। विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान मतदान केन्द्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिले के 03 ईआरओ, 13 एईआरओ तथा 54 अतिरिक्त एईआरओ के माध्यम से पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपादित की गई।
निर्धारित अवधि 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त दावों में— नाम जोड़ने हेतु 7,867 फार्म-6, नाम विलोपन हेतु 711 आवेदन, स्थानांतरण एवं संशोधन हेतु 2,419 फार्म-8 प्राप्त हुए। इनके परीक्षण एवं निराकरण के पश्चात मतदाता सूची के मुद्रण की तैयारी की जा रही है। आयोग के कार्यक्रमानुसार 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, समयबद्धता एवं विधिसम्मत दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित की गई है।








