Uncategorized

गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए जनभागीदारी जरूरी : सांसद विजय बघेल

जिले में गौधाम योजना का हुआ शुभारंभ

बेमेतरा – प्रदेश सरकार द्वारा पशुधन को राज्य की अर्थव्यवस्था से जोड़ने तथा गौ संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गौधाम योजना की शुरुआत की गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले के ग्राम कोनी में आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम के जरिए पूरे प्रदेश में इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया। इसी क्रम में जिला बेमेतरा के साजा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केवतरा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी गौधाम योजना का शुभारंभ किया गया तथा पशुपालक सम्मेलन का आयोजन किया गया

पशुधन संरक्षण में जनभागीदारी आवश्यक – सांसद विजय बघेल

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने पशुपालकों को संबोधित करते हुए कहा कि गौ माता के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए। उन्होंने कहा कि गौधाम योजना से प्रदेश में घुमंतू और आवारा पशुओं की समस्या पर नियंत्रण करने में मदद मिलेगी तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली पशुधन क्षति को भी रोका जा सकेगा। उन्होंने कहा कि गौ सेवा में समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। किसी भी योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए जनता की सहभागिता और सहयोग जरूरी होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि गौ माता को लावारिस न छोड़ें और उनकी सेवा में अपनी सार्थक सहभागिता सुनिश्चित करें।

जल संरक्षण पर भी दिया विशेष जोर

सांसद बघेल ने जल संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए जल संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने नागरिकों से पानी की बर्बादी रोकने और अपने घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं बनाने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण किया जा सके।

गौ सेवा पुण्य का माध्यम विधायक दीपेश साहू

कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दिपेश साहू ने कहा कि गौ सेवा पुण्य अर्जित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से निस्वार्थ भाव से गौ माता की सेवा करने और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

जिले में 19 गौधाम स्थापित करने का प्रस्ताव

इस अवसर पर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि गौ संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह महत्वाकांक्षी योजना शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि योजना से आवारा मवेशियों की रोकथाम, सड़क दुर्घटनाओं में कमी और पशुधन के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। कलेक्टर ने बताया कि जिले में कुल 19 गौधाम के संचालन हेतु प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिससे पशुधन प्रबंधन को व्यवस्थित रूप दिया जा सकेगा।

पशुपालकों का किया गया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान पशुपालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पशुपालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तेल घानी बोर्ड के अध्यक्ष जीतेन्द्र साहू , वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू , जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पदमाकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button