न्यू लुक बायो फ्यूल्स कंपनी के नाम से फिर हुआ बवाल, ग्रामीणों ने नवागांव में किया चक्का जाम, फैक्ट्री बंद करने की मांग तेज

टेक सिंह सेन कि रिपोर्ट राजनांदगांव जिले के ग्राम नवागांव क्षेत्र में संचालित न्यू लुक बायो फ्यूल्स कंपनी को लेकर एक बार फिर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आज बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नवागांव चौक पर चक्का जाम कर कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री को तत्काल बंद करने और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी के संचालन से आसपास के गांवों में प्रदूषण की समस्या बढ़ गई है। बदबू, धुआं और अपशिष्ट पदार्थों के कारण आम लोगों का जीना दूभर हो गया है। किसानों ने बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाले अपशिष्ट से खेतों और जलस्रोतों पर भी असर पड़ रहा है, जिससे फसल और पशुधन प्रभावित हो रहे हैं। बिना पार्किंग के संचालित फैक्ट्री की वजह से कई ग्रामीणों की मौत भी हो चुकी है। साथ ही फैक्ट्री में पानी पहुंचाने के लिए नियम विरुद्ध सड़क की खुदाई भी कर दी गई है। सड़क की चौड़ीकरण के लिए पूर्व में ही कलेक्टर का स्टे ऑर्डर जारी किया जा चुका है मगर बावजूद इसके फैक्ट्री संचालक के ऊपर किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं होती है। चक्का जाम के कारण कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं, कंपनी प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। क्षेत्र में बढ़ते विरोध को देखते हुए प्रशासन की भूमिका अब अहम मानी जा रही है। फिलहाल इस प्रदर्शन को बातचीत और आगामी दिनों में फैक्ट्री संचालक,पुलिस,प्रशासन और ग्रामीणों के साथ आम सभा के रूप में बैठक करने की बात कही गई है।








