एक साल बेमिसाल: 20 करोड़ के विकास कार्यों की स्वीकृति, पीआईसी बैठक में बनी रणनीति

नालंदा परिसर निर्माण, नाला निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों को मिली स्वीकृति
बेमेतरा शहर के समग्र विकास को नई गति देने के उद्देश्य से नगर पालिका की पीआईसी (प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल) की अहम बैठक नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में एक साल बेमिसाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि बीते एक वर्ष में राज्य सरकार से 20 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं को स्वीकृति मिली है, जिनसे नगर के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। बैठक में परिषद सदस्यों और अधिकारियों ने विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की। अध्यक्ष ने कहा कि परिषद की प्राथमिकता नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और अधूरे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराना है। बैठक में सभी सदस्यों ने एक स्वर में विकास कार्यों को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प दोहराया, जिससे एक साल बेमिसाल की उपलब्धियों को आने वाले समय में और अधिक मजबूती मिल सके।
20 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं को मिली मंजूरी
बैठक में बताया गया कि जिन प्रमुख कार्यों को स्वीकृति प्राप्त हुई है, उनमें नालदा परिसर निर्माण, नाला निर्माण कार्य, पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, सड़क एवं नाली निर्माण, शेड निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण सहित अन्य मूलभूत अधोसंरचनात्मक कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से शहर की आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई गई।
पेयजल और जल निकासी पर विशेष जोर
बैठक के दौरान शहर में स्वच्छ एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाने, पुराने जलस्रोतों के रखरखाव तथा वितरण व्यवस्था को मजबूत करने पर सहमति बनी। साथ ही वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नाला एवं नाली निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्णय लिया गया, ताकि जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत मिल सके।
सड़क, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था प्राथमिकता
अधूरे सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने और नई सड़कों के प्रस्ताव को गति देने पर चर्चा हुई। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नियमित सफाई अभियान, कचरा संग्रहण एवं वैज्ञानिक निस्तारण की बेहतर व्यवस्था पर भी सहमति बनी। इसके अतिरिक्त प्रमुख मार्गों एवं वार्डों में स्ट्रीट लाइट सुधार और नई लाइटें लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया, जिससे नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित हो सके।
परिषद की प्राथमिकता, समयबद्ध विकास
अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार के सहयोग से स्वीकृत योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है। बैठक में नगर पालिका उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, सभापति गौरव साहू, पंचू साहू, विकास तंबोली, नीतू कोठारी, आकिब मलकानी, राजकुमार खांडे तथा नगर पालिका मुख्य अधिकारी नरेश वर्मा सहित अन्य पार्षद एवं अधिकारी उपस्थित रहे।








